
छतरपुर। शहर के पठापुर रोड पर रविवार सुबह एक सनसनीखेज घटना में एक महिला के ऊपर उसके सौतेले बेटों ने चाकू और तलवार से हमला कर दिया। हमले में महिला को सिर, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद पड़ोसियों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक देरी गांव के पूर्व सरपंच कौशलेंद्र सिंह ने दो विवाह किए हैं। वर्तमान में वे अपनी दूसरी पत्नी के साथ पठापुर रोड पर रहते हैं। कौशेन्द्र सिंह किसी काम से प्रयागराज गए हुए थे। रविवार की सुबह उनकी दूसरी पत्नी ममता सिंह घर के बाहर झाडू लगा रही थी, तभी कौशलेन्द्र की पहली पत्नी के पुत्र दीपराज और मानवेंद्र ने तलवार और चाकू से ममता सिंह पर हमला कर दिया। इस हमले में ममता को सिर, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आईं। पड़ोसी कुलदीप ताम्रकार ने घायल ममता को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने उनका प्राथमिक उपचार किया गया। घायल ममता सिंह ने बताया कि उनके पति ने शादी के समय खुद को अविवाहित बताया था। शादी के बाद उन्हें पति की पहली पत्नी कमल और दो बेटों, दीपराज और मानवेंद्र, के बारे में पता चला। कमल और उनके बेटे पहले भी ममता के मकान पर कब्जा करने की कोशिश कर चुके हैं। ममता ने इस संबंध में पहले भी सिटी कोतवाली में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं सिटी कोतवाली टीआई अरविंद दांगी ने बताया कि ममता की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









