
तैयारी में जुटे बुंदेली रंगमंच आर्ट एंड कल्चर सोसायटी के युवा
छतरपुर। आगामी 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खजुराहो में केन-बेतवा लिंक परियोजना का शिलान्यास करने के लिए आ रहे हैं, जिसकी तैयारियां जारी हैं। चूंकि प्रधानमंत्री का स्वागत बुंदेली परंपरा के अनुरूप किया जाना है, इसलिए प्रशासन के आग्रह पर बुंदेली रंगमंच आर्ट एंड कल्चर सोसायटी के युवा बुंदेलखंड के पारंपरिक नृत्य और गीतों की प्रस्तुतियां तैयार करने में जुटे हुए हैं।बुंदेली रंगमंच आर्ट एंड कल्चर सोसायटी के लखन अहिरवार ने बताया कि प्रधानमंत्री के स्वागत में उनका ग्रुप बधाई, नौरता, बरेदी और दिवारी जैसे बुंदेली नृत्यों की प्रस्तुतियां देगा, जिसकी तैयारियां शहर के गांधी आश्रम में जारी हैं। ग्रुप के सदस्य उक्त प्रस्तुतियों के लिए निरंतर अभ्यास कर रहे हैं, साथ ही प्रस्तुतियों में लगने वाली सामग्री भी तैयार की जा रही है। लखन अहिरवार ने बताया कि उनका ग्रुप प्रधानमंत्री के समक्ष प्रस्तुतियां देने के लिए काफी उत्साहित है। ग्रुप की स्वाती विश्वकर्मा, नीति अहिरवार, प्रीती, रवि अहिवार आदि लगातार तैयारियां में जुटे हुए हैं।









