
12 घंटे में मिले दोनों बच्चों के शव, जांच में जुटी पुलिस
छतरपुर। जिले के बमीठा थाना क्षेत्र के एक गांव में तालाब में नहाने गए दो 2 नाबालिग बच्चों की डूबने से मौत होने की घटना सामने आई है। घटना की जानकारी लगते ही बच्चों के परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। देर रात तक दोनों शवों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू किया गया, एक शव रात को मिल गया था, जबकि दूसरे बच्चे का शव मंगलवार की सुबह से मिला। दोनों शव बरामद कर, पीएम के लिए भेजे गए हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बमीठा थाना अंतर्गत आने वाली चन्द्रनगर चौकी क्षेत्र की ग्राम पंचायत सूरजपुरा के भरवा गांव के रहने वाले चचेरे भाई कृष्णा पुत्र कल्लू अहिरवार उम्र 15 वर्ष और बॉबी पुत्र मनसुख लाल अहिरवार उम्र 11 वर्ष सोमवार की शाम करीब 5 बजे गांव में मौजूद मुरम की खदान में नहाने के लिए गए थे। चूंकि दोनों बच्चों को तैरना नहीं आता था और नहाते वक्त वे गहराई में जाने के कारण दोनों डूब गए। बच्चों के डूबने की सूचना मिलने के बाद उनके परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। शवों की तलाश हेतु गोताखोरों को मौके पर बुलाया गया। एक बच्चे के शव को सोमवार की रात को बाहर निकाला लिया गया था तबकि दूसरा शव मंगलवार की सुबह बाहर निकाला गया। पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामा कार्यवाही के बाद पोस्टमार्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर भेजा। एक साथ दो बच्चों की मौत होने से अहिरवार परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में मातम का महौल है।
इनका कहना
दोनों बच्चे सोमवार की दोपहर करीब 3 बजे दोनों घर से निकले थे। देर शाम तक जब वापिस घर नहीं गए तो उनकी तलाश शुरु की गई। इसी बीच गांव के ही कुछ लोगों ने बच्चों के तालाब में डूबने की जानकारी परिजनों तथा पुलिस को दी। दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। चंद्रनगर चौकी प्रभारी मोहर सिंह सिकरवार द्वारा मर्ग कायम कर मामले की तफ्तीश की जा रही है।
विक्रम सिंह, एएसपी, छतरपुर








