
मुख्यमंत्री ने चंदला में जनसभा को किया संबोधित, गिनाई भाजपा की उपलब्धियां
छतरपुर। लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को विजयी बनाने का आग्रह करने के लिए जनता के बीच पहुंच रहे प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को छतरपुर जिले की खजुराहो लोकसभा अंतर्गत आने वाले चंदला नगर में जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह के समक्ष कांग्रेस की सरकार पर जमकर निशाना साधा और मोदी सरकार द्वारा जनता तथा देश के हित में किए गए कार्यों को बताकर आगामी चुनाव में भाजपा को विजयी बनाने की अपील की।
शाम करीब 5 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, खजुराहो लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी विष्णुदत्त शर्मा के साथ चंदला की बड़ी फील्ड में बनाए गए हैलीपैड पर उतरे और यहां से कार के माध्यम से चंदला की सब्जी मंडी में बनाए गए सभा स्थल पर पहुंचे। सभा में उपस्थित लोकसभा क्षेत्र के हजारों लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस की सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि राममंदिर के उद्घाटन में जाने से इंकार करने वाले कांग्रेसियों को हमें चुनाव में करारा जवाब देना है। उन्होंने कहा कि यह वही कांग्रेस है जिसने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी द्वारा शुरु की गई जनहित की योजनाओं को बंद किया था और वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उन्हें पूरा कर रहे हैं। सीएम डॉ. यादव ने मोदी सरकार द्वारा किए गए कार्यों को गिनाते हुए कहा कि अगर भारत को विकसित और समृद्ध बनाना है तो आगामी चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत से जिताएं। उन्होंने छतरपुर के मेडिकल कॉलेज, केन-बेतवा लिंक परियोजना, खजुराहो पायलट प्रशिक्षण केन्द्र, वंदे भारत ट्रेन सहित अन्य कई उपलब्धियां जनता को बताईं जो भाजपा सरकार में छतरपुर की जनतार को मिली हैं। इस मौके पर चंदला विधायक एवं राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, राजनगर विधायक अरविंद पटैरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष बॉबी राजा सहित भाजपा के जिला पदाधिकारी, विधानसभा अंतर्गत आने वाले 255 बूथ और 4 मंडलों के अध्यक्ष तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चंदला को बनाएंगे नगर पालिका: डॉ. मोहन यादव
अपने उद्बोधन में सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चंदला विधायक और राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार की मांग पर आज वे यह घोषणा कर रहे हैं कि आचार संहिता हटने के बाद चंदला नगर परिषद को नगर पालिका बनाया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने चंदला विधानसभा में एलोपैथी कॉलेज और एग्रीकल्चर कॉलेज शुरु कराने का ऐलान भी मंच से किया। पिछले दिनों हुई बेमौसम बारिश से किसानों को हुए नुकसान को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सदैव किसान हितैषी रही है और आज भी किसानों के साथ खड़ी हैं। प्राकृतिक आपदा के कारण जिन किसानों को नुकसान हुआ है वे चिंतित न हों, उनके एक-एक रुपए के नुकसान की भरपाई हमारी सरकार करेगी।








