Home डेली न्यूज़ खैराकला में विशाल नेत्र एवं स्वास्थ्य शिविर संपन्न, डीआईजी विजय खत्री ने...

खैराकला में विशाल नेत्र एवं स्वास्थ्य शिविर संपन्न, डीआईजी विजय खत्री ने किया शुभारंभ

9
0
Jeevan Ayurveda

बिजावर। ग्राम खैराकला में शनिवार को एक विशाल नेत्र शिविर एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का गरिमामय आयोजन किया गया। क्षेत्र के इतिहास में यह पहला अवसर था जब ग्राम खैराकला में इस स्तर के चिकित्सा शिविर का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि छतरपुर रेंज के डीआईजी विजय खत्री ने भगवान गणेश और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व पूजन-अर्चन के साथ किया। इसके पश्चात उन्होंने फीता काटकर शिविर की विधिवत शुरुआत की। मुख्य अतिथि का स्वागत ग्राम सरपंच गौरीबाई तिवारी एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष राम मनोहर तिवारी ने पुष्पमाला भेंट कर किया।
सांसद उत्सव धाम के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएँ दीं। मंच को संबोधित करते हुए डीआईजी विजय खत्री ने आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के शिविरों की अत्यंत आवश्यकता है, क्योंकि इनसे उन बुजुर्गों और असहाय लोगों को सीधा लाभ मिलता है जो शारीरिक अक्षमता या अन्य कारणों से दूर दराज के अस्पतालों तक नहीं पहुँच पाते। उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सेवा भाव को सर्वोपरि बताया।
शिविर के दौरान कुल 178 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें से 145 मरीजों को परीक्षण उपरांत निशुल्क दवाइयां और चश्मे वितरित किए गए। वहीं, गंभीर नेत्र रोगों से ग्रसित 15 मरीजों को बेहतर उपचार और ऑपरेशन के लिए चित्रकूट रवाना किया गया। कार्यक्रम के समापन पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष राम मनोहर तिवारी ने डीआईजी विजय खत्री के आगमन पर उनका आभार जताया। साथ ही सद्गुरु नेत्रालय से पधारे डॉ. अरविंद मिश्रा और डॉ. विजय पांडे द्वारा दी गई उत्कृष्ट सेवाओं के लिए चिकित्सकों की टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने उपस्थित रहकर लाभ उठाया।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here