
छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पन्ना रोड पर ओम साई राम होटल के पीछे स्थित नंदकिशोर यादव के घर में गत 9 और 10 मई की दरमियानी रात चोरों ने सेंधमारी की थी। पीडि़त ने बताया कि चोरों ने जेवरात और नगदी सहित करीब साढ़े चार लाख रुपये की चोरी की। इस घटना की शिकायत नंदकिशोर यादव ने सिविल लाइन थाने में लिखित आवेदन देकर की थी, लेकिन पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पीडि़त शुक्रवार को दोबारा सिविल लाइन थाने पहुंचे और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। नंदकिशोर ने बताया कि उनके घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरों की गतिविधियां रिकॉर्ड हो गई हैं, जिससे पुलिस को जांच में मदद मिल सकती है। उन्होंने पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिकायत के एक सप्ताह बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।








