बड़ामलहरा। नगर से हज यात्रियों का एक काफिला सोमवार को पवित्र सफर के लिए रवाना हो गया है। इस वर्ष जिले से कुल 54 जायरीन सऊदी अरब के मुकद्दस शहर मक्का और मदीना की जियारत के लिए जा रहे हैं। इसी क्रम में बड़ामलहरा नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी अब्दुल मुजीब खान और उनकी पत्नी सकीला बानो का हज पर रवानगी के समय नगर में जबरदस्त उत्साह और मजहबी माहौल देखने को मिला।यात्रा पर निकलने से पहले अब्दुल मुजीब खान और उनकी पत्नी ने नगर की जामा मस्जिद, नूरानी मस्जिद और हजरत मोमिन शाह तकिया मजार पहुंचकर इबादत की और बारगाह में सलाम पेश किया। इसके पश्चात परिजनों, मित्रों और बड़ी संख्या में एकत्रित हुए नगरवासियों ने उन्हें फूलमालाओं से लाद दिया। लोगों ने नम आंखों और दिली दुआओं के साथ दोनों हाजियों को विदाई दी। इस मौके पर हाजी मुकीम खान, सदर मेहबूब खान, शफीक बेग, रजा मुराद, रफीक खान, तौफ़ीक खान सहित उनके परिवार के सदस्य और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। नगरवासियों ने हाजियों के सुरक्षित सफर और हज की मकबूलियत के लिए दुआएं कीं।










