राजनगर। रामबाग के पास स्थित पंचमुखी भगवान भोलेनाथ मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीमद भागवत कथा का संगीतमय आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर क्षेत्रभर से सैकड़ों श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे इलाके में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।कथा के पांचवें दिवस पर पंडित टीकाराम शास्त्री जी महाराज ने अपने मुखारविंद से अमृतमयी श्रीमद भागवत कथा का भावपूर्ण वाचन किया। उनकी सरल एवं प्रभावशाली वाणी ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। कथा के दौरान भक्ति, ज्ञान और धर्म के गूढ़ तत्वों को सहज भाषा में समझाया गया, जिससे श्रोता भाव-विभोर हो उठे।श्रद्धालुओं ने बताया कि पांचवें दिन की कथा अत्यंत प्रेरणादायक रही, जिसने उनके मन में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया। कथा स्थल पर भजन-कीर्तन एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है, जिससे माहौल और अधिक भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण बन गया है।










