छतरपुर। छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धरमपुर में बकरी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद बुधवार शाम को हिंसक झड़प में बदल गया। घनश्याम दास कुशवाहा (55) के खेत पर गांव के अर्धघुमक्कड़ समुदाय के कुछ लोग बकरी लेकर पहुंचे। जब उन्हें रोका गया तो पहले उनके छोटे बेटे के साथ तीखा विवाद हुआ, जो बाद में मारपीट तक पहुंच गया।बताया जा रहा है कि शाम के समय आधा दर्जन लोगों ने लाठी-डंडे लेकर कुशवाहा परिवार पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने परिवार के सदस्यों के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।मामले की सूचना मिलते ही नौगांव थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी राघवेंद्र आदिवासी, अर्जुन आदिवासी, करन आदिवासी और मुकद्दम आदिवासी सहित अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 351(3) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है।घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण ट्रैक्टरों में सवार होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कलेक्टरेट पहुंचे। उन्होंने वहां ज्ञापन सौंपकर आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि अर्धघुमक्कड़ समुदाय के कुछ लोग गांव में लगातार विवाद और मारपीट की घटनाएं करते रहते हैं, जिससे पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है।









