छतरपुर। जिला वन मंडलाधिकारी ऋषि मिश्रा ने सागर-कबरई फोरलेन मार्ग के निर्माण के दौरान पाड़ाझिर के मार्ग की समस्या को तुरंत संज्ञान में लेते हुए निपटा दिया है। ग्रामीणों ने फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान रास्ता बंद हो जाने की शिकायत डीएफओ से की थी।विगत 25 मार्च को ग्राम पाड़ाझिर के ग्रामीणों का आवेदन प्राप्त होने पर डीएफओ ऋषि मिश्रा स्वयं मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्या को प्राथमिकता के साथ सुना। ग्रामीणों ने पुन: बताया कि फोरलेन निर्माण कार्य शुरु हो जाने से उनके गांव का रास्ता बंद करा दिया गया है जिससे उन्हें आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डीएफओ श्री मिश्रा ने तत्काल ग्रामीणों के साथ-साथ सरपंच और एनएच के प्रोजेक्ट मैनेजर को मौके पर बुलाकर समस्या सुनी और उसका तत्काल निराकरण कर दिया।ग्राम पाड़ाझिर के ग्रामीणों की समस्या का निराकरण करने के पश्चात डीएफओ ऋषि मिश्रा धसान नदी को कुछ दूर तक पैदल पार कर और फिर ट्रैक्टर के सहारे बड़ामलहरा वन परिक्षेत्रांतर्गत सर्किल गुलगंज की बीट भरतौली में चल रहे वानिकी निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। प्रखर धूप में दोपहर करीब वानिकी पहुंचकर उन्होंने निरीक्षण किया और वानिकी की प्रगति देखकर अधीनस्थ अधिकारियों की सजगता को सराहा। इस अवसर पर वन परिक्षेत्राधिकारी राजेंद्र पस्तोर सहित विभागीय अमला मौजूद रहा।










