छतरपुर। मध्य प्रदेश में रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कमी और कालाबाजारी के खिलाफ जिला कांग्रेस ने जोरदार विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन करते हुए सिर पर खाली गैस सिलेंडर रखकर रैली निकाली और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुआ, जो शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए छत्रसाल चौराहे पर समाप्त हुआ। यहां कार्यकर्ताओं ने टेंट लगाकर सड़क के बीच चूल्हा जलाया और प्रतीकात्मक रूप से अपनी नाराजगी जाहिर की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि कोरोना काल और नोटबंदी के बाद अब गैस सिलेंडर की समस्या से आम जनता जूझ रही है, जबकि कालाबाजारी चरम पर पहुंच गई है।जिला कांग्रेस अध्यक्ष गगन यादव ने कहा कि गैस की किल्लत के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर कोई ध्यान नहीं दे रही। उन्होंने मांग की कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को तुरंत सुधारा जाए और कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। इस प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष लखन पटेल, महाप्रसाद पटेल, अनीश खान, अशोक मिश्रा, आदित्य मिश्रा, कपिल रिछारिया, मोनू सिंह, अवधेश सोनाकिया, दीप्ति पांडेय, पारुल मिश्रा, मंजू शर्मा, प्रियंका अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।










