घुवारा। छतरपुर जिले के घुवारा नगर में ट्रैफिक नियमों की खुली उल्लंघन करते हुए एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक मुख्य मार्ग पर बाइक की आगे की टंकी पर एक महिला को बैठाकर खतरनाक स्टंट करता दिख रहा है। यह घटना शनिवार की बताई जा रही है।वीडियो में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है कि महिला को बाइक की टंकी पर हैंडल की तरफ मुंह करके बैठाया गया था। युवक तेज रफ्तार से बाइक चला रहा था और बीच-बीच में वाहन को लहराता भी नजर आ रहा है। इस दौरान न तो युवक ने और न ही महिला ने हेलमेट पहना था। साथ ही कोई अन्य सुरक्षा उपकरण भी इस्तेमाल नहीं किया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक काफी देर तक बाजार और मुख्य सड़कों पर इसी तरह बाइक चलाता रहा, लेकिन किसी ने उसे रोकने की कोशिश नहीं की। वायरल वीडियो में दिख रही बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर एमपी16 एमएम 3876 है, जो छतरपुर आरटीओ में पंजीकृत है।स्थानीय निवासियों ने इस लापरवाही पर गहरी चिंता जताई है। उनका कहना है कि ऐसे स्टंट न केवल खुद स्टंट करने वालों की जान को खतरे में डालते हैं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा पैदा करते हैं









