छतरपुर। शहर में एक बार फिर एटीएम कार्ड बदलकर ठगी का मामला सामने आया है। ग्राम राठ निवासी देशराज यादव ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है कि अज्ञात व्यक्ति ने छलपूर्वक उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और उनके खाते से 36,200 रुपये निकाल लिए।देशराज यादव नगरपालिका परिषद छतरपुर में ड्राइवर के पद पर कार्यरत हैं। उनका खाता भारतीय स्टेट बैंक की छतरपुर शाखा में है। पीडि़त के अनुसार 16 फरवरी 2026 को वे पैसा निकालने बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम पहुंचे थे। यहां उन्होंने 5,000 रुपये निकाले। इसी दौरान उनके पीछे खड़ा एक अज्ञात युवक चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल गया और पासवर्ड भी देख लिया।आरोप है कि उसी दिन उनके खाते से कुल 36,200 रुपये निकाल लिए गए। जब 19 फरवरी को वे दोबारा एटीएम पर पहुंचे तो कार्ड अमान्य बताया गया। इस घटना के बाद पीडि़त ने 20 फरवरी को थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई।देशराज यादव ने साइबर सेल से मामले की गहन जांच कर ठग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस इस घटना की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।










