छतरपुर। जिले की एक प्राथमिक शाला में बच्चों के बैग का तकिया बनाकर सो रहे शिक्षक का वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। कार्रवाई से पहले कराई गई जांच में शिक्षक की लापरवाही और अनुशासनहीनता साबित हुई, जिसके बाद उन पर कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्राथमिक शिक्षक अरविंद सिंह, शासकीय प्राथमिक स्कूल कांटी में गत 30 जुलाई को बच्चों के बैग को तकिया बनाकर सो रहे थे, तभी किसी ने उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसी वीडियो में कुछ बच्चों ने बताया कि यह शिक्षक अक्सर क्लास में सोते रहते हैं। इसके अलावा, अरविंद सिंह पर स्टाफ के सामने गाली-गलौज और अभद्र भाषा के उपयोग करने के भी आरोप लगे। मामला संज्ञान में आने के बाद प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी आरपी प्रजापति ने तीन सदस्यीय जांच दल गठित किया। जांच में आरोप सही पाए गए और संकुल प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हटवारा ने 31 जुलाई को जांच प्रतिवेदन सौंपा। प्रतिवेदन में शिक्षक की लापरवाही, स्वेच्छाचारिता और मध्य प्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के उल्लंघन की पुष्टि हुई। इसके बाद अरविंद सिंह को मध्य प्रदेश सिविल सेवा नियम 1966 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। उनका मुख्यालय शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किशनगढ़, विकास खंड बिजावर नियत किया गया है, और निलंबन अवधि में उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।









