छतरपुर। राजनगर जनपद की ग्राम पंचायत भैरा में व्यापक भ्रष्टाचार किए जाने और फर्जी तरीके से कार्य कराए जाने के आरोप सामने आए हैं। पंचायत के पंचों ने शुक्रवार को जनपद कार्यालय राजनगर में शिकायत दर्ज कराते हुए सरपंच और सचिव पर बिना उनकी सहमति के कार्य कराने और राशि का आहरण करने के आरोप लगाए।
भैरा निवासी चरनदास कुशवाहा ने बताया कि सरपंच प्यारेलाल आदिवासी और सचिव द्वारा पंचों को कभी ग्राम सभा में नहीं बुलाया गया, न ही किसी कार्य के लिए उनकी सहमति या दस्तखत लिए गए। तालाब गहरीकरण, सीसी रोड, नाली निर्माण और साफ-सफाई जैसे कार्यों में भारी अनियमितता और फर्जीवाड़े का आरोप है। चरनदास ने कहा कि सभी कार्य कागजों पर ही हुए हैं, और धरातल पर कोई काम नहीं दिखता। पंचों ने जनपद सीईओ राकेश शुक्ला को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। वहीं इस मामले में सीईओ राकेश शुक्ला ने बताया कि शिकायत में उल्लेखित बिंदुओं की जांच कराई जाएगी, और जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।









