छतरपुर। कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम को सांदीपनि विद्यालय छतरपुर में विद्यार्थियों के साथ सुना एवं विद्यालय का निरीक्षण किया।इस दौरान कलेक्टर श्री जैसवाल ने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों के संबंध में कक्षा 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों से गणित सहित अन्य विषयों के प्रश्न हल करवाकर उनकी तैयारियों को परखा। कलेक्टर ने स्वयं बोर्ड पर प्रश्न लिखे, जिन्हें विद्यार्थियों ने सफलतापूर्वक हल किया। विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी पर कलेक्टर द्वारा प्रशंसा की गई तथा परीक्षा से संबंधित उपयोगी टिप्स भी दिए गए। कलेक्टर ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि वे विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाएं एवं उनके डाउट समय पर क्लियर करें। विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा को लेकर तनाव न लें और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें। उन्होंने परीक्षा से एक दिन पहले माइंड फ्रेश रखने, माता-पिता एवं गुरुजनों का आशीर्वाद लेने की बात कही।कलेक्टर ने विद्यार्थियों को परीक्षा में ले जाने वाली आवश्यक सामग्री जैसे प्रवेश पत्र, पेन-पेंसिल एवं पानी की बोतल एक दिन पहले ही तैयार रखने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों से उनकी दिनचर्या एवं परीक्षा की तैयारियों के बारे में भी जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों की तैयारी संतोषजनक प्रतीत हो रही है, जिसका लाभ अच्छे परीक्षा परिणाम के रूप में अवश्य मिलेगा।










