छतरपुर। जिले के नौगांव थाना क्षेत्र के लुगासी गांव में शराब के नशे में चाचा द्वारा अपने नाबालिग भतीजे पर लाठी-डंडों से निर्मम हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है, जिसमें नाबालिग बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ ही बचाव के लिए पहुंचे लुगासी चौकी के आरक्षक जितेंद्र अहिरवार पर भी हमला किया गया, जिससे उनकी भी हालत गंभीर बनी हुई है।जानकारी के अनुसार आरोपी रवि अहिरवार शराब के नशे में अपने पिता महादेव अहिरवार और माता राजकुमारी के साथ घर में मारपीट कर रहा था। इस मारपीट की शिकायत लेकर माता-पिता लुगासी चौकी पहुंचे थे। शिकायत दर्ज होने के बाद जब वे अपने नाबालिग भतीजे के साथ घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में रवि अहिरवार ने उन पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।हमले में आरोपी ने नाबालिग के सिर पर कई बार डंडों से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। सूचना मिलते ही लुगासी चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायल नाबालिग को तत्काल जिला अस्पताल छतरपुर पहुंचाया गया। बचाव कार्य के दौरान घटनास्थल पर मौजूद लुगासी चौकी के आरक्षक जितेंद्र अहिरवार को भी डंडों से गंभीर चोटें आईं, खासकर सिर में गहरी चोट लगी। दोनों घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी रवि अहिरवार के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।










