Home डेली न्यूज़ खाद संकट को लेकर शिवसेना का प्रदर्शन

खाद संकट को लेकर शिवसेना का प्रदर्शन

118
0
Jeevan Ayurveda

छतरपुर। जिले में किसानों को खाद उपलब्ध न होने की समस्या को लेकर शिवसेना द्वारा सोमवार को प्रदर्शन किया गया। शिवसैनिक सबसे पहले सटई रोड स्थित उपज मंडी पहुंचे, जहां किसानों की समस्याओं को लेकर नारेबाजी की गई। इसके बाद कार्यकर्ता छत्रसाल चौक पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।शिवसेना के जिला प्रमुख मुन्ना तिवारी ने बताया कि एसडीएम को स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया है कि यदि 11 दिसंबर तक जिले में किसानों को पूरा खाद वितरण नहीं किया गया, तो हजारों किसानों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा और एसडीएम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा अन्नदाता किसानों को पर्याप्त यूरिया खाद उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिसके कारण किसान दर-दर भटकने को मजबूर हैं। यह स्थिति शासन की किसान हितैषी मंशा पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा करती है। शिवसेना ने यह भी आरोप लगाया कि जहां एक ओर किसान खाद की किल्लत से जूझ रहा है, वहीं दूसरी ओर खाद की खुलेआम कालाबाजारी हो रही है। खाद को दुगने-तिगने दामों में बेचा जा रहा है, लेकिन कालाबाजारी करने वालों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे प्रशासन की भूमिका संदेह के घेरे में आती है। शिवसेना ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही किसानों की खाद की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।ज्ञापन में मांग की गई कि यदि शासन निष्पक्ष और ईमानदार है तो कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए उन पर सख्त धाराओं में प्रकरण दर्ज किए जाएं। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि किसान कई-कई दिनों तक लाइनों में खड़े रहने के बावजूद खाद नहीं पा रहे हैं, और कुछ स्थानों पर अधिकारियों द्वारा किसानों एवं उनकी बेटियों के साथ अभद्र व्यवहार व मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो प्रशासनिक तानाशाही को दर्शाता है।

Ad
Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here