छतरपुर। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अंधविश्वास से जुड़ा एक मामला आया, जिसमें एक महिला ने अपनी बहू पर जादू टोना करने और कुछ व्यक्तियों के खिलाफ भूत-प्रेत एवं जादूटोना करने की बात कही। महिला का दावा है कि इस जादूटोना के कारण उसकी बहू बीमार है और उसके इलाज में लगभग दो लाख रुपए खर्च हो चुके हैं।सिविल लाइन थाना क्षेत्र के चंद्रपुरा निवासी राजवती आदिवासी ने आरोप लगाया कि सटई थाना क्षेत्र के अमरपुरा गाँव के विहारी, जमना और बसोर नामक तीन लोग रात के अंधेरे में जंगल में देवी-देवताओं की पूजा और झाड़-फूँक करते हैं। राजवती के अनुसार, ये लोग देवी आने का बहाना बनाकर उसकी बहू पर जादूटोना कर रहे हैं। पीडि़ता ने बताया कि कुछ समय पहले जब उसकी बहू को सिर दर्द की शिकायत हुई और इलाज के लिए ले जाया गया, तभी कथित तौर पर इन व्यक्तियों ने उस पर जादूटोना कर दिया। इसके बाद से बहू लगातार बीमार रहने लगी है। इस जादूटोना के कारण बहू के इलाज में अब तक लगभग 2 लाख रुपए खर्च हो चुके हैं। राजवती आदिवासी ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थानीय पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की, जिसके कारण उन्हें न्याय की गुहार लगाने के लिए एस.पी. कार्यालय आना पड़ा। इस संबंध में सिविल लाइन थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि शिकायत की जाँच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।










