कलेक्टर की जनसुनवाई में मंगलवार को एक विकलांग बुजुर्ग, उसकी जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे के प्रयास और लगातार मिल रही प्रताडऩा की शिकायत लेकर पहुँचा। पीडि़त ने आरोप लगाया कि गाँव के सरपंच सहित कुछ दबंग लोग उसकी भूमि पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई है।ग्राम बछरौनिया निवासी विकलांग सुंदर यादव ने आवेदन देते हुए गाँव के सरपंच और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। पीडि़त सुंदर यादव ने बताया कि लंबे समय से उसकी तीन एकड़ जमीन पर कब्जे की कोशिश की जा रही है, तथा विरोध करने पर उसके साथ कई बार मारपीट भी की गई है। पीडि़त के अनुसार अब तक तीन बार हमला हो चुका है और चौकी के पास रास्ते में रोककर लूटपाट की घटना भी हुई है, जिसकी शिकायत वह एसपी और डीआईजी तक कर चुका है। बुजुर्ग ने बताया कि उसके पास तीन एकड़ जमीन है, जिस पर कब्जा करने के लिए कदवा पंचायत के सरपंच पूरन यादव सहित रज्जन यादव, विनोद यादव, गौरीशंकर यादव, भूरा और बब्लू द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा है तथा पैसे की मांग की जा रही है। सुंदर यादव ने यह भी बताया कि पड़रिया चौकी में पदस्थ एक महिला अधिकारी ने उसे धमकाते हुए कहा कि उसका आधार कार्ड फर्जी बताया जाएगा और उसे जेल भेज दिया जाएगा। पीडि़त ने आरोप लगाया कि उसने कल्लू यादव को प्लॉट बेचा था, जिसके बाद से ही यह विवाद बढ़ा है। शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से न्याय की मांग करते हुए सुरक्षा और भूमि संरक्षण की गुहार लगाई है।









