नौगांव। विगत रोज ईशानगर रोड पर स्थित सफेद हनुमान मंदिर में युवाओं ने बागेश्वर धाम सुंदरकाण्ड मंडल की केन्द्रीय समिति के नेतृत्व में सुंदरकाण्ड सम्मेलन आयोजित किया। इस आयोजन के माध्यम से आगामी माह में दिल्ली से वृंदावन तक चलने वाली बागेश्वर धाम सरकार की पदयात्रा में शामिल होने का आग्रह किया गया। आयोजन सदस्यों ने कहा कि एक-दो दिन में नगर के हर वार्ड में पीले चावल देकर लोगों को यात्रा में शामिल होने का आमंत्रण दिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक सफेद हनुमान मंदिर में संगीतमय सुंदरकाण्ड पाठ किया गया। सुंदरकाण्ड मंडल के सदस्य परमानंद पाण्डेय, आयुष पाण्डेय, अंकुर बबेले और अनुपम बबेले की टीम ने यह दिव्य आयोजन कराया। छतरपुर से बागेश्वर धाम सुंदरकाण्ड मंडल की केन्द्रीय टीम के सुंदरलाल रैकवार, ओमप्रकाश तिवारी, धीरज शर्मा पहुंचे और उन्होंने बागेश्वर धाम पीठाधीश पं.धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की पदयात्रा के बारे में उपस्थित लोगों को जानकारी दी। नौगांव के अशोक तिवारी ने युवाओं से कहा कि वे अक्षत लेकर हर वार्ड में जाएं और लोगों को आमंत्रित करें। इस अवसर पर आशीष खरे, दयाशंकर चतुर्वेदी, कमल अवस्थी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।










