छतरपुर। छतरपुर पुलिस ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए राह-वीर योजना के तहत जागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में विभिन्न कार्यक्रमों और स्कूलों में गोल्डन ऑवर की अहमियत बताई जा रही है। योजना के तहत घायल को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने वाले को शासन द्वारा प्रोत्साहन राशि और खर्च की प्रतिपूर्ति दी जाती है।
शनिवार को यातायात पुलिस ने छतरपुर के नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में निजी और व्यावसायिक वाहन चालकों को जागरूक किया। यात्रियों और राहगीरों को भी योजना की जानकारी दी गई। पंपलेट वितरित किए गए। पहले भी दो युवकों ने गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में जिला अस्पताल पहुंचाकर जान बचाई थी, जिसके लिए उन्हें राह-वीर योजना के तहत पुरस्कार के लिए प्रस्तावित किया गया। पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने कहा कि यह योजना मानवता और त्वरित सहायता को बढ़ावा देती है। अभियान के तहत मुख्य और लिंक मार्गों पर जागरूकता कार्य निरंतर जारी है।










