बकस्वाहा। नगर में चल रहे गणेशोत्सव के तहत बीते रोज की गई गणेश जी की महाआरती आकर्षण का केन्द्र बनी। बनारस से आए पंडितों द्वारा मां गंगा की आरती की तर्ज पर की गई यह अनोखी महाआरती श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहे, भव्य पंडाल में आयोजित इस आरती ने उत्सव की गरिमा को और बढ़ाने का काम किया। बताया गया है कि बनारस से पधारे पंडित और ललित महाराज के सानिध्य में मां गंगा की आरती की शैली में यह महाआरती संपन्न हुई। मुंबई के प्रसिद्ध लालबाग के राजा की तर्ज पर इस वर्ष गणेश प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की गई है, जहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि गंगा घाट की आरती का अनुभव न कर पाने की कमी इस महाआरती ने पूरी कर दी।
पर्यटन नगरी में बप्पा के दर्शन को उमड़े भक्त
विश्व पर्यटन नगरी खजुराहो की लक्ष्मीपुरम कॉलोनी में गणेश उत्सव के दौरान भगवान गणपति की भव्य प्रतिमा की स्थापना की गई है। उत्सव के नवमें दिन भी श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा, जहां भक्तों ने आरती, भजन-कीर्तन और पूजन-अर्चन में हिस्सा लेकर बप्पा का आशीर्वाद लिया। गणपति बप्पा की भव्य प्रतिमा की स्थापना के साथ स्थानीय युवाओं और महिलाओं ने मिलकर पंडाल को आकर्षक सजावट से सजाया है। सुबह से ही श्रद्धालु आरती, भजन-कीर्तन और पूजन-अर्चन में शामिल हुए। प्रतिदिन आयोजित होने वाली भजन संध्या में बड़ी संख्या में लोग हिस्सा ले रहे हैं। बच्चे भी उत्साह के साथ बप्पा की सेवा और प्रसाद वितरण में जुटे हैं। आसपास की बस्तियों और मोहल्लों से भी श्रद्धालु बप्पा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।









