बक्सवाहा। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बक्सवाहा में एलईडी बल्ब विषय पर मानक लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अंतर्गत सांविधिक निकाय भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), शाखा भोपाल के बीआईएस क्लब एससी-2279 के तत्वावधान में संपन्न हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य पवन कुमार राय ने मां सरस्वती को पुष्पांजलि अर्पित कर किया। प्रतियोगिता में क्लब के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी लेखन दक्षता का प्रदर्शन किया।
मूल्यांकन कार्य उमराव पटेल, दुर्गा प्रसाद साहू, राकेश यादव एवं अंकित जैन के सहयोग से किया गया। परिणामस्वरूप सुरेंद्र यादव ने प्रथम, राजन अहिरवार ने द्वितीय, शुभम अहिरवार ने तृतीय एवं रोहित अहिरवार ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए, वहीं अन्य सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र दिए गए। प्रतियोगिता का सफल संयोजन एवं निर्देशन बीआईएस क्लब की संयोजक एवं मेंटर हिना अली ने किया।










