छतरपुर। राजनगर थाना क्षेत्र के नांद गांव में लाइसेंसी बंदूक की सफाई के दौरान गोली चलने से एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को स्थानीय अस्पताल मे प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। नांद निवासी कुलदीप यादव ने बताया कि उसके 62 वर्षीय पिता रामेश्वर सिंह यादव अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो उनके जबड़े को चीरती हुई निकल गई। हादसे के बाद परिवार के लोग उन्हें तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉ. मनोज चौधरी उनका इलाज कर रहे हैं, फिलहाल घायल की हालत गंभीर है।









