छतरपुर। नौगांव थाना क्षेत्र ग्राम मऊसहानियां में बीती शाम दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष के करीब आधा दर्जन लोगों ने एक युवक के साथ जमकर मारपीट कर दी। इस मामले में दोनों पक्षों ने अलग-अलग कारण बताए हैं। एक पक्ष ने इसे जमीनी पर कब्जा करने का मामला बताया है, जबकि दूसरे पक्ष ने कहा है कि युवक शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था, जिसके बाद बात बढ़ गई और मारपीट हुई। शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे पीडि़त पक्ष ने नौगांव पुलिस पर भी उचित कार्रवाई न करने के आरोप लगाए हैं।
ग्राम मऊसहानियां निवासी सीताराम कुशवाहा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आरोप लगाते हुए बताया कि गांव की हल्की बाई साहू, उसके पुत्र कैलाश, दीपक उर्फ भूरे एवं गोलू साहू, संजीव विश्वकर्मा और जाफिर खान उसकी जमीन हड़पना चाहते हैं। बीते रोज उक्त लोगों ने दबाव बनाने के लिए पहले उसका रास्ता रोककर मारपीट की और इसके बाद पांच घंटे तक घर में बंधक बनाकर पीटा। सीताराम की बहन कुंवर कुशवाहा ने कहा कि घटना के दौरान पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन कोई मदद नहीं पहुंची। आरोपियों ने सीताराम की स्कूटी, पैसे और सोने की जंजीर भी छीन ली। उन्होंने दावा किया कि नौगांव पुलिस ने उनकी शिकायत के अनुसार रिपोर्ट दर्ज नहीं की और आरोपी अब भी गांव में खुलेआम धमकी दे रहे हैं। सीताराम और उसकी बहन कुंवर कुशवाहा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
वहां, आरोपी पक्ष की ओर से साहू परिवार ने दावा किया है कि उनका सीताराम से कोई जमीनी विवाद नहीं है। उनके अनुसार, सीताराम शराब के नशे में पूरे परिवार को गालियां दे रहा था, जिस पर उसे रोका गया लेकिन जब वह नहीं माना तो विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई, जिसमें सीताराम ने भी उन पर हमला किया।
इनका कहना
ग्राम मऊसहानियां में मारपीट के मामले में नौगांव थाना में प्रकरण दर्ज किया गया है। जांच चल रही है और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
अरुण कुमार सोनी, सीएसपी, छतरपुर










