छतरपुर। जिले की चंदला विधानसभा क्षेत्र में सड़क और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। बीते रोज ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक और मध्य प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री के खिलाफ ढोल-मंजीरे बजाकर विरोध प्रदर्शन किया। इतना ही नहीं कुछ महिलाओं ने मंत्री मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
उल्लेखनीय है कि जिले की चंदला विधानसभा को मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित पिछड़ा क्षेत्र माना जाता है। यहीं की ग्राम पंचायत पांडेपुरवा के गोरा पुरवा के निवासियों ने सड़क न होने की समस्या को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीण महिला ने बताया कि बछौन से गोरा पुरवा तक सड़क नहीं है, जिसके कारण स्कूल जाने वाले बच्चों और एंबुलेंस जैसी आपात सेवाओं को भारी परेशानी हो रही है। 2021 से लगातार मांग के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ, सिर्फ आश्वासन मिले। ग्रामीणों ने कई बार छतरपुर कलेक्टर और विधायक से शिकायत की, लेकिन स्थिति जस की तस रही। गोरापुरवा की एक महिला ने कहा कि सात पीढिय़ों से सड़क की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। भारी बारिश के कारण कीचड़ बढऩे से परेशानी और गहरी हो गई है। वहीं इस संबंध में एसडीएम लवकुशनगर राकेश शुक्ला ने बताया कि भारी बारिश के कारण कीचड़ की समस्या बढ़ी है, जिससे लोग आक्रोशित हैं। उन्होंने दावा किया कि मंत्री के खिलाफ नारेबाजी नहीं हुई और जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।
मंत्री बोले- कांग्रेसी मानसिकता वाले लोगों ने बनाया वीडियो
दूसरी ओर, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री और चंदला विधायक दिलीप अहिरवार ने इस विरोध को कांग्रेस की साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि कुछ कांग्रेसी मानसिकता वाले लोग वीडियो बनाकर उन्हें बदनाम कर रहे हैं। अहिरवार ने दावा किया कि बीते दो साल में उन्होंने सड़कों और अन्य विकास कार्यों में अभूतपूर्व काम किया है। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संपर्क कर समस्याएं बताने की अपील की ताकि समाधान किया जा सके।









