ईशानगर। युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए शनिवार को कस्बे में आयोजित सांसद खेल किट वितरण कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों खिलाडिय़ों को खेलकिट वितरित की गई। इस अवसर पर खेल के महत्व पर जोर देते हुए भाजपा नेता पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह गुड्डू ने कहा कि खेल से शारीरिक और मानसिक विकास होता है, जिसको ध्यान में रखकर सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं को बढ़ा रही है।
टीकमगढ़ लोकसभा सांसद वीरेंद्र कुमार खटीक के नेतृत्व में आयोजित किए गए उक्त कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह गुड्डू ने अग्रणी खिलाडिय़ों को खेलकिट देकर सम्मानित किया। गुड्डू सिंह ने कहा कि बुंदेलखंड में खेल और खिलाडिय़ों की कोई कमी नहीं है। कबड्डी, कुश्ती, और वॉलीबॉल जैसे परंपरागत खेलों के साथ-साथ युवाओं का क्रिकेट के प्रति बढ़ता जुनून दिखता है। केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेल अकादमियों, व्यायामशालाओं, और मिनी स्टेडियमों का निर्माण कर रही है ताकि युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिलें। सांसद निधि कोष से एक दर्जन गांवों के सैकड़ों खिलाडिय़ों को खेलकिट वितरित की गई। कार्यक्रम में राहुल परमार, भरत गुप्ता, रमेश रिछारिया, आशीष असाटी, हरिओम त्रिपाठी, महेंद्र अग्रवाल, राजू प्रजापति, राम सिंह राजा, रोहित सेन सहित कई युवा खिलाड़ी मौजूद रहे।










