लवकुशनगर। जिले के जुझारनगर थाना क्षेत्र में एक वृद्ध का खून से लथपथ हालत में शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। चूंकि मृतक के शरीर पर सब्बल से हमला किए जाने के निशान और शव के पास खून से सनी सब्बल मिली है इसलिए प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने घटना स्थल से साक्ष्य एकत्रित कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक दिदवारा गांव में बड़ी बंधी के पास शनिवार की सुबह 70 वर्षीय रामआसरे उर्फ रमसा पुत्र सुम्मेरा प्रजापति का शव सुबह खून से लथपथ मिला। मृतक के शरीर पर चोटों के गंभीर निशान थे, जिसके चलते परिजनों ने हत्या का शक जताया। जुझारनगर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। एफएसएल अधिकारी और क्राइम सीन यूनिट प्रभारी डॉ. प्रदीप यादव ने डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। लवकुशनगर एसडीओपी नवीन दुबे ने बताया कि मृतक रात करीब 9 बजे घर से खेत की ओर गया था। संभवत: किसी ने रास्ते में घात लगाकर सब्बल जैसी लोहे की रॉड से हमला किया। मृतक के दोनों हाथ और पैरों पर चोट के निशान हैं, और घटनास्थल से एक लोहे की रॉड बरामद हुई है। मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, और पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।









