छतरपुर। शहर के मस्तान शाह कॉलोनी स्थित रानी तलैया के समीप स्थित भूमि पर शनिवार को प्रशासन का बुलडोजर चलाया गया। इस कार्रवाई में एक महिला द्वारा वैध रूप से खरीदी गई भूमि की बाउंड्री वॉल तोड़ दी गई, जिससे पीडि़त परिवार ने कलेक्टर और एसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
आवेदिका तरन्नुम बानो पत्नी मोहम्मद इशरत ने बताया कि उन्होंने 29 मई 2023 को विक्रेता लल्लाबाई कुशवाहा से खसरा नंबर 2511 से 0.020 हेक्टेयर भूमि (2148 वर्ग फीट) खरीदी थी। इस भूमि की रजिस्ट्री, नामांतरण और नगरपालिका में प्लॉट दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी। उन्होंने सभी वैध दस्तावेजों के आधार पर भूमि की रसीद भी कटवाई और शुल्क का भुगतान भी किया। तरन्नुम बानो का आरोप है कि 21 जुलाई 2025 को प्रशासनिक अमला राजस्व, नगर पालिका और सिटी कोतवाली पुलिस की मौजूदगी में बिना कोई पूर्व सूचना दिए उनकी बाउंड्री वॉल को जेसीबी मशीन से तोड़ गया। पीडि़ता का कहना है कि उनके नाम पर कोई नोटिस जारी नहीं किया गया था, बल्कि उनके पति मोहम्मद इशरत के नाम पर नोटिस भेजा गया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि भूमि का खसरा नंबर गलत स्थान पर है, तो प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि जिस स्थान पर सही खसरा नंबर आता है वहां उन्हें भूमि सौंपी जाए। अन्यथा विक्रेता से उनका पैसा वापस दिलाया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि रानी तलैया क्षेत्र में अन्य लोगों के मकान भी बने हुए हैं, लेकिन केवल उनके प्लॉट पर ही प्रशासन ने कार्रवाई क्यों की? इस संबंध में पीडि़त परिवार ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर भी शिकायत दर्ज कर न्याय की मांग की है।










