छतरपुर। गुलगंज थाना क्षेत्र में घरेलू उपयोग के लिए बालू निकाल रहे युवक पर कुछ लोगों द्वारा प्राणघातक हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसे ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं परिजनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गुलगंज थाना क्षेत्र के पीरा गांव का रहने वाला प्रीतम पुत्र हरिदास घरेलू उपयोग के लिए बालू निकाल रहा था तभी गांव के कल्याण, रमोला और रघवीर ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से प्रीतम की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि वह मरणासन्न हालत में पहुंच गया। परिजन उसे तुरंत छतरपुर जिला अस्पताल लेकर आए, जहां हालत गंभीर होने के कारण उसे ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। गुलगंज थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपी अभी भी फरार हैं। इससे आक्रोशित परिजनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।









