छतरपुर। शहर में एक कियोस्क बैंक संचालक द्वारा दर्जनों लोगों के साथ धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। शनिवार को पीडि़त उपभोक्ताओं ने छतरपुर विधायक को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्या सुनाई और मामले में उचित कार्रवाई कराकर पैसे वापिस दिलाने की मांग की है।
सीताराम कॉलोनी निवासी जगदीश अनुरागी ने बताया कि कियोस्क संचालक अरविंद रैकवार निवासी बगौता तिराहा ने करीब 40 लोगों के खातों में जमा रकम फर्जी तरीके से निकाल ली है। पहले कियोस्क संचालक पैसे वापिस लौटने की बात कह रहा था लेकिन अब कई दिनों से वह लापता है। पीडि़तों ने बताया कि उनके साथ धोखाधड़ी की गई, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है। वहीं विधायक ललिता यादव ने आश्वासन दिया कि वे मामले की जांच करवाएंगी, इसके लिए उन्होंने बैंक और पुलिस से बात की है। विधायक ने कहा कि पीडि़तों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।









