छतरपुर। दो दिन पहले जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र के सुमेड़ी गांव में हुए अपहरण, हत्या के प्रयास और बलवा की घटना में पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी को पकडऩे के लिए पुलिस ने हरियाणा तक उसका पीछा किया, जहां से अपहृत महिला और उसके दो बच्चों को भी सकुशल बरामद किया गया। सोमवार को पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने जिला मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए प्रकरण की विस्तृत जानकारी मीडिया के साथ साझा की। इस मामले में अपहृत महिला और मुख्य आरोपी के बीच प्रेम संबंध होने के चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।
एसपी अगम जैन ने बताया कि गत 21 जून को सुमेड़ी गांव में आरोपी संजय पुत्र पंचू राजपूत निवासी सूपा थाना चरखारी जिला महोबा उत्तरप्रदेश हाल निवास सुमेड़ी, लवकुशनगर ने अपने 7 अन्य सा?थियों के साथ हरिराम पाल और उनके परिवार पर हमला किया था। फायरिंग और मारपीट के बाद संजय ने हरिराम की पत्नी मिथलेश और उसके दो बच्चों का अपहरण कर लिया था। वहीं मारपीट में हरिराम गंभीर रूप से घायल हुआ था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया और विवेचना शुरु की। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 पुलिस टीमों ने मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, और हरियाणा में तलाशी अभियान चलाया जिसमें मुख्य आरोपी संजय राजपूत के अलावा उसके साथी ब्रजेश पुत्र महेंद्र राजपूत, बच्चू उर्फ भजनलाल पुत्र गब्बू राजपूत, हरिश्चंद्र पुत्र करन सिंह राजपूत, उत्तम पुत्र भागीरथ राजपूत सभी निवासी पठा थाना लवकुशनगर, शिवम पुत्र मनोज राजपूत निवासी महेबा, थाना अजनगर, सचिन पुत्र करन यादव निवासी भितरिया थाना लवकुशनगर और राजेंद्र पुत्र कल्लू राजपूत निवासी मामना थाना महोबा उत्तरप्रदेश को भी गिरफ्तार किया गया। घटना में प्रयुक्त दो देशी कट्टे, खाली खोखे, जिंदा कारतूस, एक बोलेरो वाहन, चार मोटरसाइकिल और आठ मोबाइल जब्त किए गए हैं। एसपी अगम जैन ने बताया कि मामले के मुख्य आरोपी संजय और अपहृत महिला मिथलेश के बीच प्रेम संबंध थे और दोनों की आपस में बातचीत होती थी। हालांकि घटना दिनांक को दोनों के बीच फोन पर बात हुई या नहीं इसकी अभी जांच की जा रही है। एसपी ने यह भी बताया कि आरोपी हरिश्चंद्र राजपूत के खिलाफ पहले से मारपीट का मामला दर्ज है, जबकि उत्तम राजपूत और सचिन यादव के खिलाफ महोबा कोतवाली में अवैध हथियार के अपराध दर्ज हैं। पुलिस अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश में जुटी है। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता और एसडीओपी लवकुशनगर नवीन दुबे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अजय अम्बे, उपनिरीक्षक रामसिया चौधरी, राजेंद्र जाटव, सुरेंद्र मरकाम, देवेंद्र यादव, और नेहा गुर्जर (सायबर सेल प्रभारी) की अगुवाई में पुलिस कर्मी शामिल थे। अन्य योगदान देने वालों में ज्ञान सिंह, दीवान सिंह, जे.पी. बागरी, पुरुषोत्तम विश्वकर्मा, बुद्ध सिंह, वीरेंद्र मोहन, अमित चंदेल, कुलदीन सेन, सतीश सिंह, और सायबर सेल के किशोर शामिल रहे।










