छतरपुर। गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के गौर गांव में 25 वर्षीय हरीश अनुरागी ने अपने घर पर फांसी लगाकर जान दे दी। उसे गढ़ीमलहरा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टर न मिलने के कारण जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसे मृत घोषित किया गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक हरीश पुत्र किशोरीलाल अनुरागी निवासी गौर ने शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे अज्ञात कारणों से अपने घर पर फांसी लगा ली। परिजनों ने उसे तुरंत गढ़ीमलहरा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां कोई डॉक्टर उपलब्ध नहीं था। इसके बाद 108 एम्बुलेंस से उसे छतरपुर जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गढ़ीमलहरा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।









