Home डेली न्यूज़   ईद-उल-अजहा पर बड़ी ईदगाह में सामूहिक नमाज, मांगी गई अमन-चैन की...

  ईद-उल-अजहा पर बड़ी ईदगाह में सामूहिक नमाज, मांगी गई अमन-चैन की दुआ

84
0
Jeevan Ayurveda


छतरपुर। ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मुबारक मौके पर शनिवार को छतरपुर की बड़ी ईदगाह में सुबह 8 बजे सामूहिक नमाज अदा की गई। हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज पढ़कर मुल्क में अमन-चैन और भाईचारे की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।
बड़ी ईदगाह में सुबह से ही मुस्लिम समाज के लोग एकत्र हुए। नमाज के बाद कुर्बानी की रस्म अदा की गई। मुस्लिम समाज के सदर जावेद खान, कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष अनीस खान, इरशाद मोहम्मद सहित अन्य गणमान्य लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी। माहौल में भाईचारे और उत्साह का वातावरण रहा। लोगों ने नए कपड़े पहनकर और मिठाइयां बांटकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। सीएसपी अमन मिश्रा ने बताया कि त्यौहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए डेढ़ सौ पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई, और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल मौजूद रहा। एसडीएम अखिल राठौर ने कहा कि प्रशासन ने नगर पालिका के साथ मिलकर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। उन्होंने सभी नागरिकों को ईद की शुभकामनाएं दीं और शांति बनाए रखने की अपील की।
सटई में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई ईद
जिले के सटई में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। सुबह 8:30 बजे बस स्टैंड स्थित ईदगाह पर सैकड़ों मुस्लिम भाई एकत्र हुए और सामूहिक नमाज अदा की। ईद की नमाज हाफिज अकरम रजा ने पढ़ाई। उन्होंने पहले मुस्लिम भाइयों को नमाज का तरीका समझाया, फिर खुतबा पढ़ा और इसके बाद सामूहिक नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान मुल्क और शहर में अमन-चैन की दुआ मांगी गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। शहर सदर अहमद सौदागर ने बताया कि जिल्हिज्जा का महीना कुर्बानी का पवित्र महीना है। उन्होंने कहा कि इस महीने में बुराई, गीबत और नफरत जैसी चीजों की कुर्बानी करनी चाहिए। ईदगाह में सुबह से ही रौनक थी, और बच्चों में खास उत्साह देखा गया।
बिजावर में सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया गया पर्व
जिले के बिजावर में ईद का त्योहार पूरे सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह ठीक 8 बजे सैकड़ों मुस्लिम भाइयों ने ईदगाह मस्जिद में सामूहिक नमाज अदा की और देश में अमन, चैन व शांति की दुआ मांगी। ईदगाह मस्जिद में नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। नमाजियों ने मस्जिद परिसर में लगी दुकानों से फूल और अगरबत्तियां खरीदीं। इसके बाद वे कब्रिस्तानों में गए, जहां अपने स्वर्गवासी परिजनों की कब्रों पर फूल चढ़ाए, अगरबत्तियां जलाईं और उनके लिए दुआएं मांगीं। त्योहार के दौरान भाईचारे और उत्साह का माहौल रहा। प्रशासन ने त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चुस्त व्यवस्था की। एसडीएम, तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित नगर के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने भी मुस्लिम समुदाय के साथ गले मिलकर ईद की बधाई दी। पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए, जिससे त्योहार सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here