
छतरपुर। उत्तरप्रदेश के महोबा जिले में कुलपहाड़ थाना क्षेत्र के सुंगरा गांव की रहने वाली 28 वर्षीय निर्मला कुशवाहा ने दो दिन पहले जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था, जिसके बाद छतरपुर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया गया है कि निर्मला की वर्ष 2013 में सुंगरा निवासी दयाशंकर कुशवाहा से शादी हुई थी। चूंकि अभी तक उसे संतान नहीं हुई है, जिस कारण से वह उरई में इलाज करा रही थीं। डॉक्टर ने निर्मिला के पति दयाशंकर को शराब और अंडा खाने से मना किया था, लेकिन दयाशंकर ने बात नहीं मानी। दो दिन पहले जब दयाशंकर शराब पीकर घर आया तो निर्मला से उसका विवाद हो गया और इसके बाद गुस्से में निर्मला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे कुलपहाड़ से महोबा और फिर छतरपुर जिला अस्पताल लाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रविवार को जिला अस्पताल में उसका पोस्टमॉर्टम किया गया।








