
छतरपुर। मातगुवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले परा चौकी तिगड्डे पर सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति ने प्रशासनिक अमले के सामने ही आत्मदाह का प्रयास किया और असफल रहने पर ज़हरीली दवा पी ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बहादुर सिंह परमार निवासी रसोईया ठाकुरन, किसी जमीन के सीमांकन को लेकर चल रहे विवाद के चलते मौके पर पहुंचे थे। सीमांकन कार्य के दौरान बहादुर सिंह ने पहले स्वयं पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया, जिसे वहां मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने समय रहते रोक लिया।
इसके तुरंत बाद बहादुर सिंह ने पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में ही ज़हरीला पदार्थ सेवन कर लिया। मौके पर मौजूद मातगुवां थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बहादुर सिंह को तुरंत जिला अस्पताल छतरपुर पहुंचाया, जहां दोपहर करीब 2 बजे उनका इलाज शुरू हुआ। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उपचार जारी है। सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा मामला जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ है, जिसकी जांच प्रशासन द्वारा की जा रही है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।









