
बमीठा। वन विभाग छतरपुर रेंज की गंज बीट अंतर्गत हतना-सतना गांव में वन विभाग की टीम ने खैर की अवैध लकड़ी का बड़ा जखीरा पकड़ा है। लकड़ी कुसमा, महाराजपुर निवासी संतोष सिंह पुत्र दुर्जन सिंह ठाकुर के पास डंप थी। वन विभाग को देखते ही ड्राइवर यूपी 95 टी 5763 नंबर की पिकअप लेकर फरार हो गया। बताया गया है कि क्षेत्रीय वन विभाग की टीम ने तस्करी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए जखीरा जब्त किया है। इस ऑपरेशन में डिप्टी रेंजर शिवरतन सिंह, वनपाल मयूर श्रीवास्तव, वनरक्षक दीपक चतुर्वेदी, प्रदीप अहिरवार, पुष्पेंद्र नगर, मैयादिन यादव, मधु तिवारी और अशोक नामदेव ने अहम भूमिका निभाई। वन विभाग ने फरार ड्राइवर और संतोष सिंह के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पिकअप की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं।









