
छतरपुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बाजार इलाके में हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने इन वारदातों में शामिल पांच महिला चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से चोरी गए सोने के झुमके, नकदी और एक ऑटो रिक्शा बरामद किया गया है।सीएसपी अमन मिश्रा ने बताया कि हाल ही में छतरपुर के व्यस्त चौक बाजार क्षेत्र में महिलाओं द्वारा चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया था।जानकारी के अनुसार मंगलवार को सर्राफा व्यापारी राजश्री ज्वैलर्स की दुकान से दो महिला चोरों ने चतुराई से सोने के झुमके चोरी कर लिए थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों महिलाओं को पकड़ लिया और उनके पास से झुमके बरामद कर लिए।एक अन्य घटना में एक महिला के पर्स से 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए थे। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में भी तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया और उसके पास से 16 हजार रुपये नकद तथा वारदात में इस्तेमाल किया गया एक ऑटो रिक्शा भी जब्त किया है।सीएसपी मिश्रा ने बताया कि फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और संभावना है कि इन महिलाओं से जुड़ी अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। पुलिस चौकसी को ध्यान में रखते हुए चौक बाजार और सर्राफा क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और किसी भी घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली निरीक्षक अरविंद दांगी सहित उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









