
टीकमगढ़। मारपीट की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी नरेन्द्र सिंह अवैध कट्टा एवं कारतूस लेकर अपराध करने की नीयत से घूम रहा था। मुखबिर की सूचना पर पलेरा पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। बताया गया है कि वह गांव लारौन में मारपीट करने के बाद से ही पुलिस को चकमा देने में लगा था। घटना के 24 घंटे बाद ही पुलिस ने आरोपी को हवालात की हवा खिलाने में सफलता हासिल की। बताया गया है कि पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में पलेरा पुलिस द्वारा कट्टा दिखाकर मारपीट करने वाले आरोपी को अवैध कट्टा सहित 24 घंटे में गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई। घटना के संबन्ध में मिली जानकारी के मुताबिक बताया गया है कि 07 मई 2025 को फरियादी कलू पिता बलू रैकवार उम्र 50 साल निवासी ग्राम लारौन ने थाना उपस्थित आकर रिपोर्ट लेख कराई कि 06 मई 25 के रात्रि समय करीबन 11: 00 बजे की बात है कि मैं व मेरी माँ गिरजा बाई घर के बाहर बैठे थे। मैं अपनी माँ गिरजा बाई से जमीन के बंटवारे को लेकर बात-चीत कर रहा था, तभी नरेन्द्र राजा आया और हमारी आपसी बात-चीत में दखल देने लगा । मैने नरेन्द्र राजा से कहा कि यह हमारा आपसी मामला है हम निपटा लेंगे, तो इसी बात पर से नरेन्द्र राजा मुझे माँ-बहिन की गंदी-गंदी गालियां देने लगा। जब फरियादी ने गालियां देने से मना किया तो नरेन्द राजा ने मेरी लात-घूसों से मारपीट कर दी और देशी कट्टा दिखाकर धमकी देने लगाए की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 128/25 धारा 115(2), 296, 351(2) बीएनएस कायम कर विवेचना मे लिया गया । बताया गया है कि इस घटना की सूचना पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के दी गई, जिनके द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम, एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पलेरा निरीक्षक मनीष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा आरोपी नरेन्द्र राजा की सघन तलाश की गई एवं संभावित स्थानों पर दबिश देकर 24 घंटे के अंदर आरोपी नरेन्द्र सिंह बुन्देला पिता लल्लू राजा बुन्देला उम्र 48 साल निवासी लारौन हाल मुर्राहाबंद थाना पलेरा को 12 बोर का देशी कट्टा एवं एक 12 बोर के जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया गया, साथ ही प्रकरण मे धारा 25/27 आम्र्स एक्ट का इजाफा किया गया । पुलिस ने आरोपी के पास से एक 12 बोर का देशी कट्टा एवं एक 12 बोर का जिंदा कारतूस जप्त किया। बताया गया है कि आरोपी नरेन्द्र सिंह बुन्देला पिता लल्लू राजा बुन्देला उम्र 48 साल निवासी ग्राम लारौन थाना पलेरा जिला टीकमगढ़ को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी पलेरा निरीक्षक मनीष मिश्रा, प्रधान आरक्षक परशुराम रजक, रामकिशन अनुरागी, मनमोहन रैदास, आरक्षक ललित कुशवाहा, राम प्रकाश अहिरवार, बृजेन्द्र, दीपक मिश्रा, नरेन्द्र पटेल, ज्ञानसिंह सेंगर, चालक आरक्षक सुमित दुबे की विशेष भूमिका रही ।








