
लवकुशनगर। राजनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अरविंद पटेरिया ने लवकुशनगर जनपद पंचायत अंतर्गत पांच ग्राम पंचायतों में सामुदायिक भवनों एवं सड़कों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। कुल 1 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से ये निर्माण कार्य किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना और मनरेगा योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत खपटिया, प्रतापपुरा, चितहरी, पठा और पुरा में सामुदायिक भवनों और सुदूर सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है। खपटिया, चितहरी और पठा में प्रत्येक स्थान पर 25-25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनेंगे। वहीं, ग्राम पंचायत प्रतापपुरा में प्रतापपुरा से किशनपुर तक की सड़क को महोबा रोड से जोड़ा जाएगा, और ग्राम पुरा में लगभग 20 लाख रुपये की लागत से सुदूर सड़क का निर्माण किया जाएगा।
भूमिपूजन के बाद आयोजित सभा में विधायक पटेरिया ने कहा, मेरा उद्देश्य क्षेत्र का समग्र विकास करना है और इसके लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी मौके पर सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष खलक सिंह राजपूत, मीडिया प्रभारी पंकज चौबे, विजय सिंह, पुरुषोत्तम पाठक, रामकुमार राजपूत, आनंदी अहिरवार, मोनू यादव, जनपद सीईओ डॉ. हरीश केशरवानी, उपयंत्री राजाराम अहिरवार, ग्राम पंचायत सचिव एवं सरपंचगण उपस्थित रहे।








