
छतरपुर। बमीठा पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र के बाहरपुरा गांव में दो दिन पहले करीब 40 लाख कीमत की अफीम पकड़ी गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने इसी गांव से दो अन्य लोगों को भी पकड़ा है, जिनके द्वारा अफीम उगाई जा रही थी। उक्त दोनों लोगों के कब्जे से पुलिस ने लगभग 60 लाख कीमत की अफीम जप्त की है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट (स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।बमीठा थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय ने बताया कि चंद्रनगर चौकी क्षेत्र के बाहरपुरा गांव में दो दिन पहले फूलचंद पुत्र किशोरी लाल कुशवाहा के कब्जे से 3000 अफीम के पौधे जप्त किए गए थे जिनका वजन करीब 68 किलोग्राम था और अनुमानित कीमत 40 लाख रुपए थी। उक्त मामले की विवेचना के दौरान सूचना मिली की गांव के दो अन्य लोग भी अफीम उगा रहे हैं। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने गांव के ब्रजकिशोर उर्फ बबलू पुत्र नत्थू कुशवाहा के खेत पर दबिश देकर 2000 अफीम के पौधे जप्त किए, जिनका वजन करीब 45 किलोग्राम तथा अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए है। इसके अलावा गांव के बाबू पुत्र भगवानदास कुशवाहा के घर से करीब साढे 16 किलोग्राम अधसूखा अफीम जप्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 30 लाख रुपए है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध थाना बमीठा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय में पेश किया गया है।









