
छतरपुर। मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार छतरपुर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थ संग्रह, विक्रय एवं परिवहन करने वालों तथा सार्वजनिक स्थानों में नशाखोरी कर रहे नशाखोरों के विरुद्ध निरंतर सख्त से सख्त कार्यवाही की जा रही है। छतरपुर पुलिस द्वारा विगत महीनों में एनडीपीएस में 61 प्रकरण एवं आबकारी में 2000 से अधिक प्रकरण दर्ज किये गए हैं। 51 कुंतल अफीम के पौधे, 755 किलोग्राम गांजा, 5 सैकड़ा से अधिक शीशी नशीली सिरप, दो-दो सैकड़ा से अधिक नशीली टैबलेट, इंजेक्शन, 13500 लीटर अवैध शराब जप्त किया गया है।
थाना बमीठा पुलिस को चौकी चंदनगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बहारपुरा में एक खेत में अवैध तरीके से मादक पदार्थ अफीम के पौधे लगे होने की सूचना प्राप्त हुई। पुलिस टीम ने खेत पर जाकर देखा, एक व्यक्ति खेत की रखवाली कर रहा था। विधिवत कार्यवाही करते हुए तलाशी ली गई। खेत में 2000 स्क्वायर फीट में क्यारियां बनी हुई थी, जिसमें अवैध तरीके से मादक पदार्थ अफीम के पौधे डोडे सहित लगे हुए थे। खेत में लगे 3000 अफीम के पौधों वजन करीब 68 किलो ग्राम कीमत करीब 40 लाख रुपए एकत्र कर बोरियों में भरकर जप्त किया गया। अवैध तरीके से मादक पदार्थ अफीम की खेती करने वाले आरोपी फूलचंद्र कुशवाहा पिता किशोरी लाल निवासी ग्राम बहारपुरा थाना बमीठा को गिरफ्तार कर अभिरक्षा में लिया गया।
आरोपी के विरुद्ध थाना बमीठा में एनडीपीएस एक्ट (स्वापक औषधि और मन प्रभावी पदार्थ अधिनियम) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। विधिवत कार्यवाही कर अभियुक्त को न्यायालय पेश किया जा रहा है, अभियुक्त हत्या के अपराध में पूर्व से लिप्त है। विवेचना कार्यवाही जारी है। एनडीपीएस के संबंध में एक सूचना और प्राप्त हुई है, जिसमें कार्यवाही की जा रही है।
उक्त कार्यवाही में एसडीओपी खजुराहो प्रभार नवीन दुबे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बमीठा आशुतोष श्रोत्रिय, चौकी प्रभारी चंदनगर शैलेंद्र चौरसिया, चौकी प्रभारी सीलोन ख्रिस्टोफर टोप्पो, प्रधान आरक्षक सुरविंद्र सिंह, रामकृपाल, राजेश पटेल,राजेश पाठक, आरक्षक अरविंद, अखिलेश, उदयवीर, राम बहादुर, निकेश एवं पुलिस टीम की भूमिका रही।








