
छतरपुर। रविवार की रात खजुराहो रेल्वे स्टेशन से पैसेंजर ट्रेन में सवार हुआ एक युवक स्टेशन से कुछ दूरी पर लहुलुहान अवस्था में पड़ा मिला। घायल युवक के बारे में जानकारी मिलने के बाद रेल्वे पुलिस की मदद से उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। युवक की पहचान टीकमगढ़ जिले के कुड़ीला थाना क्षेत्र के ग्राम चंदेरी निवासी अरविंद पुत्र बद्री प्रसाद तिवारी उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है। घटना रविवार की रात करीब साढ़े 3 बजे खजुराहो स्टेशन के 1171/5 स्टोन के पास हुई। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आशीष शुक्ला ने बताया कि अरविंद का एक हाथ शरीर से अलग हो गया है और उसके पेट में गंभीर चोट है। अधिक मात्रा में रक्त बह जाने के कारण उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।








