
।छतरपुर। बड़ामलहरा थाना क्षेत्र के साठिया घाट पर किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौत का मामला सामने आया है। दुर्घटना के बाद युवक को बड़ामलहरा अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है।प्राप्त जानकारी के मुताबिक सागर निवासी घनंजय पुत्र राममन गर्ग बाइक से चित्रकूट गया था। शनिवार को वह चित्रकूट से वापिस सागर जा रहा था तभी बड़ामलहरा थाना क्षेत्र के साठिया घाट पर अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। घटना में धनंजय बुरी तरह घायल हुआ था, जिसे मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा बड़ामलहरा अस्पताल लाया गया। अस्पताल में परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के माध्यम से घटना की जानकारी मिलने के बाद धनंजय के परिजन भी बड़ामलहरा पहुंच गए थे। पोस्टमार्टम एवं पंचनामा कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों ने बताया कि धनंजय सागर तहसील में बतौर प्रधान लिपिक पदस्थ था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरु कर दी है।









