
गहोई समाज कराएगा सामूहिक विवाह, बैठक में बनी रूपरेखा
छतरपुर। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी गहोई समाज वार्षिक महोत्सव आयोजित किया जा रहा है, जो कि 19, 20 एवं 21 जनवरी 2025 को संपन्न होगा। आयोजन की रूपरेखा तय करने शनिवार को राष्ट्रकवि मैथिलीशरण स्कूल में समाज की बैठक हुई, जिसमें समाज के लोगों को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए दायित्व भी सौंपे गए।आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी रोहित गुप्ता लाला ने बताया कि बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया। नगर गहोई वैश्य समाज के अध्यक्ष प्रेमनारायण रूसिया, आयोजन समिति अध्यक्ष के.के. बृजपुरिया द्वारा लोगों के घर-घर जाकर आयोजन हेतु संपर्क किया जा रहा है। श्री गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष गहोई दिवस की सहयोग राशि के साथ ही सदस्यता शुल्क भी लिया जा रहा है। बैठक में राजेन्द्र नीखरा, बबलू सरावगी, राजेन्द्र खरया, एचडी कुचया, सोनू कुचया, जमुना प्रसाद खरया, बृजमोहन रावत, सूरजपाल चउदा, बद्रीप्रसाद बेहरे, राजेश पंसारी, राजेश सरावगी, महिला मण्डल से रश्मि रूसिया, कल्पना रावत, प्रिया रावत, गहोई महिला मण्डल, गहोई नवयुवक मण्डल, गहोई यूथ क्लब छतरपुर सहित समाज के अन्य लोग मौजूद रहे।इस तरह होंगे कार्यक्रममीडिया प्रभारी रोहित गुप्ता ने बताया कि रविवार दिनांक 19 जनवरी 2025 आयोजन के प्रथम दिन सूर्य नारायण एवं लड्डू गोपाल की भव्य शोभायात्रा से यह कार्यक्रम प्रारंभ होगा, जो सुबह 10 बजे बुन्देलखण्ड गैरेज से गहोई धाम के लिए प्रस्थान करेगी। मंचीय कार्यक्रम के उपरांत एक विशाल सह भोज सम्पन्न होगा। सायंकाल सामूहिक विवाह सम्मेलन सम्पन कराया जायेगा। कार्यक्रम के अगले चरण में 20 एवं 21 जनवरी को बच्चों और महिलाओं की प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। कार्यक्रम के अंतिम दिन रात्रि में एक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन रखा गया है। सामूहिक विवाह के लिए पंजीयन प्रारंभ है जो 15 जनवरी तक रहेगा, पंजीयन हेतु सामूहिक विवाह आयोजन समिति के अध्यक्ष एल.पी.पिपरानियां, राजेश पंसारी जगदीश पंसारी से संपर्क कर सकते हैं। आयोजन समिति की ओर से महिला मण्डल अध्यक्ष मंजू बिलैया, के.के. बृजपुरिया, राकेश रूसिया, रवि नीखरा, जयदीप बृजपुरिया सहित संपूर्ण आयोजन समिति ने समस्त स्वजातीय बंधुओं से आयोजन में सहभागिता निभाने का अनुरोध किया है।









