
छतरपुर। बीते रोज चंदला विधानसभा क्षेत्र के एक गांव में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम, एक लीज धारक को कब्जा दिलाने पहुंची थी लेकिन टीम को देखकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और हाथों में लाठी-डंडे तथा पत्थर लेकर टीम को गांव से खदेड़ दिया।मामला चंदला विधानसभा अंतर्गत आने वाले ग्राम क्यूटी का है, जहां गांव से लगी पहाड़ी के खसरा नंबर 235 पर खनिज विभाग द्वारा लीज स्वीकृत की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि खनिज विभाग ने यह लीज नियमों की अनदेखी कर स्वीकृत की है, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है, बावजूद इसके लीज धारक पुलिस और प्रशासन की टीम को साथ लेकर कब्जा लेने के लिए पहुंचा था जिसके चलते उन्हें आक्रामक रवैया अपनाना पड़ा। ग्रामीणों द्वारा किए गए विरोध और बिगड़ते हालात को देखकर कब्जा दिलाने पहुंची टीम को वापिस लौटना पड़ा। उल्लेखनीय है कि पिछले काफी दिनों से क्यूटी गांव के ग्रामीण उक्त लीज का विरोध कर रहे हैं। शुक्रवार को जब लीज धारक तीन थानों का पुलिस बल, एसडीएम, तहसीलदार और खनिज अधिकारी को लेकर गांव पहुंचा तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।








