
वीडियो हुआ वायरल, एसपी के पास पहुंची पीडि़त महिला
छतरपुर। बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम चंद्रनगर की रहने वाली महिला ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देते हुए बताया कि उसके पति सहित ससुराल के अन्य लोगों ने उसे तथा उसके पुत्र के साथ मारपीट की है। महिला ने मारपीट का वीडियो भी पुलिस को दिखाया है, जिसमें महिला तथा उसके पुत्र के साथ मारपीट की जा रही है। एसपी को आवेदन देकर महिला ने न्याय की गुहार लगाई है।चंद्रनगर निवासी सरोज साहू उम्र 39 वर्ष ने बताया कि उसका पति नीरज साहू, उसे तथा उसके पुत्र सुमित साहू को अपने साथ नहीं रखना चाहता, जिसके चलते आए दिन उसे तथा उसके पुत्र को प्रताडि़त किया जा रहा है। सरोज के मुताबिक गत 26 दिसंबर को उसके ससुर मूरतलाल साहू द्वारा उसके कमरे का जबरन ताला तोड़ा जा रहा था, जब उसने विरोध किया तो पति नीरज, ससुर मूरतलाल, मोहन साहू, प्रभु साहू, शिवम साहू, दीपक साहू सहित परिवार के अन्य लोगों ने उसे तथा उसके पुत्र को बीच सडक़ पर पीटा, जिसका वीडियो भी उसके पास है। सरोज ने बताया कि उसने बमीठा थाना में शिकायत की थी लेकिन पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं की जा रही है।









