
।छतरपुर। खजुराहो में आयोजित प्रधानमंत्री का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वापिस लौट रही एक बस का हेल्पर चलती हुई बस से नीचे गिरकर घायल हो गया। घटना के बाद घायल हेल्पर को उसी बस से जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। बस चालक योगेश अहिरवार निवासी बिल्लौद जिला भोपाल ने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में लोगों को ले जाने और वापिस लाने के लिए वह बस लेकर छतरपुर आया था। यहां उसे सटई क्षेत्र के ग्राम बागपुरा से लोगों को खजुराहो ले जाने और वापिस उन्हें गांव तक पहुंचाने की जिम्मेदारी मिली थी, जिसके तहत वह बागपुरा से खजुराहो गया था। बुधवार की दोपहर कार्यक्रम संपन्न होने के बाद जब वह खजुराहो से वापिस बागपुरा आ रहा था तभी बसारी के गुलाबी ढाबा के पास बस के गेट पर खड़ा हेल्पर गजेन्द्र राजपूत चलती बस से नीचे गिरकर घायल हो गया। घटना के बाद हेल्पर को उसी बस से जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।








