
।छतरपुर। ज़िले के नौगांव जनपद पंचायत के पंचायत समन्वय अधिकारी एवं प्रभारी खंड पंचायत अधिकारी के ख़िलाफ़ अभी तक किसी क़िस्म की कोई कार्यवाही न होने से क्षेत्र के पंचायत सचिवों और रोजग़ार सहायकों में तीव्र असंतोष व्याप्त है। दरअसल नौगांव जनपद के पंचायत समन्वय अधिकारी चंद्र कृपाल अहिरवार पर आरोप है कि वह ग्राम पंचायत के अभिलेखों को निरीक्षण के बहाने जनपद स्तर पर बुलाकर रिकॉर्ड ग़ायब कर देता है। ग्राम पंचायत सचिवों द्वारा रिकॉर्ड माँगने पर सुविधा शुल्क की माँग की जाती है, न देने पर निलंबन की धमकी दी जाती है एवं वेतन काटा जाता है। सरपंचों को बुलाकर सचिव और रोजग़ार सहायकों के विरुद्ध शिकायतें कराई जाती है। पंचायत सचिव पर निर्वाचन से संबंधित रद्दी कागज़़ को बेचने का आरोप है। इन आरोपों के संबंध ज़िला पंचायत सीईओ तपस्या परिहार ने विगत 10 दिसंबर को कारण बताओ नोटिस जारी कर पंचायत समन्वयक से तीन दिन के अंदर जवाब माँगा था और अन्यथा की स्थिति में एक पक्षीय कार्रवाई की चेतावनी दी थी। पंचायत समन्वयक से प्रताडि़त नौगाँव जनपद पंचायत क्षेत्र के पंचायत सचिवों और रोजग़ार सहायकों को इसका बेसब्री से इंतज़ार है कि भ्रष्टाचार और अनियमितता के आरोपों से घिरे पंचायत समन्वयक के खिलाफ कब और क्या कार्यवाही होगी।









